
गैंगमैन की मिली उसके ही घर में लाश, अकेला रहता था शिवपुरी स्टेशन के पास रेलवे क्वार्टर में
पिता ने बीआरएस लेकर बेटे को दिलवाई थी गैंगमैन की नौकरी, सिर में चोट का निशान, पोलिस खंगाल रही सीसीटीवी
शिवपुरी। रेलवे स्टेशन शिवपुरी के पास बने रेलवे के क्वार्टर में रहने वाले गैंगमैन की लाश अपने ही घर में मिली। महत्वपूर्ण बात यह है कि गैंगमैन की मौत शनिवार की देर दोपहर हो गई, लेकिन उसकी जानकारी रविवार को मिली।
तालबेहट ललितपुर उप्र के रहने वाले कमलेश कुशवाह (34) पुत्र हरीराम कुशवाह, शिवपुरी रेलवे में गैंगमैन के पद पर पदस्थ था। उसके पिता हरीराम ने नौकरी में रहते हुए बीआरएस लेकर अपने बेटे को गैंगमैन के पद पर नियुक्त करवाया था। कमलेश अपने घर में अकेला रहता था, तथा शनिवार को उसका ऑफ होने की वजह से वो घर पर ही रुका था। सूत्रों का कहना है कि उसने अपने कुछ दोस्तों के साथ घर में पार्टी भी की थी। उसके बाद दोस्त चले गए, तथा वो अपने कमरे में ही मृत मिला। इसके घर के आगे का दरवाजा अंदर से बंद था, जबकि पीछे का दरवाजा खुला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू कर दिया। सूत्रों का कहना ह कि मृतक के मोबाइल से कुछ राशि भी ऑनलाइन ट्रांसफर की गई है। अभी यह रहस्य बना हुआ है कि कमलेश की आकस्मिक मौत है या फिर किसी ने हत्या की है।
होटल कर्मचारी को घेरकर फोड़ा
शिवपुरी शहर में वीर सावरकर पार्क के सामने स्थित होटल के कर्मचारी अविनाश वाल्मीक आज दोपहर जब होटल का कचरा फेंक कर लौट रहा था, तभी 4 लोगों ने घेरकर उसके साथ लात घूंसे एवं डंडे से जमकर मारपीट कर दी। जिससे अविनाश का सिर फूट गया, तथा शरीर में कई जगह चोट आई है। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बताते हैं कि बीते 31 जनवरी को गांधी पेट्रोल पंप पर हारिश मिर्जा के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें अविनाश भी था, जिसके चलते आज हारिश ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे पीट दिया। दिनदहाड़े सरेराह हुई इस मारपीट के वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।






