
लो जी आने लगे मगरमच्छ: इस बार ग्रामीण क्षेत्र का भ्रमण किसान के खेत में आया मगरमच्छ, किसानों में दहशत, वन अमले को दी सूचना
शिवपुरी। बरसात का मौसम आते ही शिवपुरी में मगरमच्छों के निकलने का सिलसिला शुरू हो जाता है। इस बार यह खतरनाक जीव शहर में निकलने की बजाए ग्रामीण क्षेत्र के भ्रमण पर है। शुक्रवार को इंदार के छापी गांव में एक किसान के खेत में विशालकाय मगरमच्छ निकल आने से किसानों में दहशत फैल गई। वन विभाग को मगरमच्छ निकलने की सूचना दी गई।
चूंकि बारिश अच्छी हो गई है, इसलिए किसान भी खेत पर बोवनी के काम में जुट गया है। ग्राम छापी में भी किसान अपने खेतों में काम कर रहे थे। आज सुबह प्रद्युम्न सिंह यादव भी अपने खेत पर काम करने पहुंचे, तभी उन्हें खेत में विशालकाय मगरमच्छ नजर आया। खेत में मगरमच्छ देख उन्होंने जब दूसरे किसानों को आवाज लगाई तो वहां भीड़ इकठ्ठा हो गई। कुछ स्थानीय लोगों ने मगरमच्छ को पकड़ने के लिए अपने स्तर पर कोशिश की, लेकिन जब मगरमच्छ ने अपना मुंह खोलकर लकड़ी आदि पर पलटवार किया, तो किसान भी ठिठक कर रह गए। किसानों ने वन विभाग को सूचना दे दी, लेकिन काफी देर तक जब टीम नहीं आई, तो किसान भी अपना कामकाज छोड़कर उसकी निगरानी करते रहे। क्योंकिजरा सी चूक होने पर मगरमच्छ अटैक कर सकता था।
चूंकि यह समय खेती किसानी का है, और ऐसे में यदि खेत में मगरमच्छ घूमेंगे, तो फिर किसान की जान के लिए खतरा बढ़ गया है। खेतों के आसपास से निकले नदी-नालों से होकर मगरमच्छ खेतों में पहुंच रहे हैं।
खेत में मुंह खोलकर बैठा विशालकाय मगरमच्छ