
बगीचा सरकार एपीसोड: सोने-चांदी के आभूषण पर साधुओं की गलत नजर का भोला के समर्थकों ने दिया एसपी को ज्ञापन
विवाद की वजह बने आभूषण, एसपी बोलीं: हमने वहां गार्ड तैनात कर दिया, आप लोग शांति बनाए रखें
शिवपुरी। जिले की करेरा तहसील में स्थित सिद्ध स्थल बगीचा सरकार का एपीसोड थमने का नाम नहीं ले रहा। गुरुवार को भोला पंडित के समर्थकों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर मंदिर में मौजूद आभूषणों की सुरक्षा तथा वहां इकट्ठे होने वाले असामाजिक तत्वों पर रोक लगाने की मांग की। जिस पर एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने कहा कि हमने वहां गार्ड तैनात कर दिया है, आप लोग शांति बनाए रखें।
गौरतलब है कि बीते 9 मई की रात बगीचा सरकार परिसर में अपने कुछ लड़कों के साथ पहुंचे भोला पंडित का विवाद साधु संतों से हुआ और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई थी। जिसमें पलटवार तगड़ा हो जाने से भोला व उसके कुछ साथी अस्पताल पहुंच गए। इस घटना के बाद भोला के परिवार की महिलाओं ने पहले बगीचा सरकार में हंगामा किया था, और फिर शिवपुरी आकर एसपी को ज्ञापन दिया था। उधर साधु संतों के समर्थन में आए पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने भी बगीचा सरकार पहुंचकर कह दिया था कि यदि साधु संतों पर अब कोई बात आई तो मैं अभी हिंदी में और फिर अंग्रेजी में समझाना मुझे आता है। चूंकि साधु संतों के साथ खुलकर पिछोर विधायक आ गए हैं, जबकि भोला के साथ कोई स्थानीय नेता खड़ा नहीं हुआ। यही वजह है कि भोला के समर्थक अब बार-बार पुलिस की शरण में आ रहे हैं।
महंत को बताया फरार अपराधी:
बगीचा सरकार के महंत राजेंद्र गिरी को आज ज्ञापन देने आए लोगों ने फरार अपराधी बताते हुए उनका रिकॉर्ड निकलवाने की मांग की। इतना ही नहीं उन्होंने तो यहां तक कहा कि मंदिर में डेढ़ करोड़ के सोने-चांदी के आभूषण है, जिन पर साधुओं की नीयत खराब हो गई है। ऐसा लगता है कि आभूषणों की कीमत सोना-चांदी के वर्तमान रेट के हिसाब से बताई है।
भोला आ जाए, फिर करेंगे निराकरण:
ज्ञापन देने वालों ने कहा कि हमारा भोला अभी अस्पताल में उपचारार्थ भर्ती है। जब वो वापस आ जाएगा, तो फिर बैठकर इस विवाद का निराकरण किया जाएगा। यानि अभी इस मामले में और भी कोई फैसला होना बाकी है। महत्वपूर्ण बात यह है कि बगीचा सरकार पर जब पिछोर विधायक आए थे, उसी समय भोला के पक्ष के लोगों को जाकर अपनी बात रखनी थी, ताकि साधुओं के सामने फैसला ऑन द स्पॉट हो जाता।
पीएम कह रहे सोना मत खरीदो, यहां सोने पर लड़ाई:
ईरान-अमेरिका युद्ध खत्म हुए कई दिन गुजर गए, तथा उसका असर इतने दिनों बाद हमारे देश पर पड़ने वाला है। जिसके चलते प्रधानमंत्री ने देश की जनता से कहा है कि एक साल तक सोना नहीं खरीदें। एक तरफ पीएम सोना खरीदने से रोक रहे हैं, और इधर करेरा के बगीचा सरकार में उसी सोने-चांदी के लिए लाठियां चल रही हैं।








1 thought on “बगीचा सरकार एपीसोड: सोने-चांदी के आभूषण पर साधुओं की गलत नजर का भोला के समर्थकों ने दिया एसपी को ज्ञापन”