
परिजनों ने किया विरोध तो की फायरिंग, लड़की के पिता के हाथ में लगी गोली
शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम सेसई में बीती रात हथियारों से लैस आरोपियों ने एक युवती के घर पर अटैक के दिया। आरोपियों की मंशा युवती के अपहरण की थी, जिसे परजिनों और ग्रामीणों ने विफल के दिया। इस दौरान आरोपियों ने फायरिंग भी की।
ग्राम सेसई में रहने वाली एक लड़की पर गांव का ही रॉकी शादी के लिए दवाब बना रहा था। बीते शनिवार की दोपहर रॉकी ने लड़की को रास्ते में परेशान किया, तो लड़की विरोध करके अपने घर आ गई। रात होते ही रॉकी और उसका पिता लोहरा, साथी जोधा सरदार और गुरप्रीत के साथ हथियारों से लैस होकर लड़की के घर पर अटैक कर दिया। उक्त लोगों ने लड़की को जबरन अपहरण करने का प्रयास किया, लेकिन शोर मचाने पर परिजनों के अलावा ग्रामीण भी वहां आ गए, तो आरोपी फायरिंग करते हुए भाग गए। आरोपियों द्वारा की गई फायरिंग में लड़की के पिता के हाथ में गोली लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। युवती की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
