
विकसित भारत का वर्ष भूले भाजपा जिलाध्यक्ष, पत्रकारिता का सम्मान सैमुअल को दिया
शिवपुरी। अपनी निर्भीक शैली के लिए अलग पहचान बनाने वाले पत्रकार स्व.जयकिशन शर्मा की स्मृति में सोमवार को मातोश्री मैरिज गार्डन में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिसमें उत्कृष्ट पत्रकारिता का सम्मान सैमुअल दास को दिया गया। समारोह में शामिल भाजपा जिलाध्यक्ष ने अपना भाषण कुछ इतने जोश में दिया कि वे भारत को विकसित करने का वर्ष 2024 बोल गए, जो पिछले साल ही खत्म हो गया।
स्व. जयकिशन शर्मा की स्मृति को जीवित रखते हुए उनके पुत्र लालू शर्मा द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष रामजी व्यास, भाजपा कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष राजू बाथम, कलेक्टर रविंद्र चौधरी के अलावा वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद भार्गव, आलोक एम इंदौरिया, अशोक कोचेटा सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण और प्रबुद्धजन मौजूद रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों ने जहां स्व जयकिशन शर्मा के कार्य व्यवहार के बारे में बताया, तो वहीं पत्रकारिता के हो रहे व्यवसायीकरण पर चिंता जताते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में शामिल भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव की भाषण में दो बार जुबान फिसली। जिसमें एक बार तो उन्होंने सुईं चोर की उपाधि शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन को दे दी, तो वहीं विकसित भारत का वर्ष 2047 की जगह वो बोल गए कि 2024 में हम विकसित भारत बनाएंगे। इस मौके पर पूर्व सीएस डॉक्टर पीके खरे एवं कई बार रक्तदान करके दूसरों की जान बचाने वाले रक्तदाता का भी सम्मान किया गया।

