शिवपुरी। शिवपुरी जिले से गुजरे दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों पर जंगल से भागे तेंदुए अब दिनदहाड़े घूमकर शिकार की तलाश कर रहे हैं। बीते शुक्रवार को कोटा-झांसी फोरलेन पर अमोला के नजदीक सड़क किनारे एक तेंदुआ, शिकार की तलाश में खड़ा था। वहीं दूसरा तेंदुआ आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर सतनबाड़ा पर हाइवे किनारे शिकार की घात में घूमता नजर आया।
शिवपुरी के माधव नेशनल पार्क, जो अब 7 टाइगर होने की वजह से प्रदेश का 8वा टाइगर रिजर्व बन गया है, इसमें मौजूद तेंदुए अब जंगल छोड़कर हाइवे और रिहायशी इलाकों में घूम रहे हैं। बीते शुक्रवार को अमोला पुल के पास एवं सतनबाड़ा क्षेत्र के तेंदुआ नजर आ जाने से स्थानीय लोगों में दहशत में हैं। यह हालात इसलिए बन गए, क्योंकि टाइगर रिजर्व के जंगल पर टाइगरों ने अपना कब्जा कर लिया, इसलिए तेंदुए यहां वहां भटक रहे हैं। इससे इंसानों को तो खतरा है ही, साथ ही तेंदुओं पर भी सड़क हादसे का खतरा बना हुआ है।