
सुनसान व जंगल के रास्ते में वकील संजय सक्सेना की गोली मारकर हत्या, जमीन के केस में दे रहा था कोई धमकी
घर से कोर्ट जाते समय बीच रास्ते में घात लगाकर बैठे थे हत्यारे, उसी रास्ते से निकले दूसरे वकील ने देखी थी लाश, दी सूचना
शिवपुरी। जिले के करेरा थाना क्षेत्र में घड़ियाली मोहल्ला और करेरा कोर्ट के बीच सुनसान और वीरान जगह पर शनिवार की सुबह एक अधेड़ उम्र के वकील की छाती में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात की सूचना तब मिली,जब उस बियाबान रास्ते से दूसरे वकील निकले। सूचना मिलते ही करेरा थाना पुलिस एवं जिला मुख्यालय से पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ भी मौके पर पहुंचे। हत्या के पीछे जमीन का एकं केस बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।
करेरा के घड़ियाली मोहल्ले में रहने वाले 55 वर्षीय एडवोकेट संजय सक्सेना हर रोज की तरह आज भी किले के पीछे वाले शार्टकट रास्ते से होकर कोर्ट जा रहे थे। सुबह लगभग 10:30 बजे जब एडवोकेट सक्सेना कोर्ट से महज 500 मीटर दूर ही थे, कि झाड़ियों के पीछे छुपे अज्ञात हत्यारे ने उनकी छाती के बीचोबीच गोली मार दी। एडवोकेट सक्सेना को गोली इतने नजदीक से मारी गई कि वो आरपार हो गई।
चूंकि जिस रस्ते से होकर एडवोकेट सक्सेना कोर्ट जा रहे थे, वो सुनसान होने की वजह से हलत्यारे ने वारदात को बिना किसी डर भय के अंजाम दे दिया। गोली लगते ही सक्सेना जमीन पर गिरकर तड़पने लगे, उनकी बाइक भी वही खड़ी रही। इस बीच जब दूसरे वकील एल्स रस्ते से होकर गुजरे, तब उन्हें एडवोकेट सक्सेना की लाश पड़ी मिली, तो फिर पुईस को सूचना दी।
मृतक एडवोकेट के भाई अनिल सक्सेना ने अपने भाई की हत्या में कमलेश पर संदेह जताते हुए कहा कि गांव में एक जाटव की 5 बीघा जमीन का केस उनके भाई संजय सक्सेना लड़ रहे थे। जबकि कमलेश चाहता था कि संजय केस न लड़े। अनिल ने यह भी बताया कि कमलेश ने किसी से कहा था कि कोई वकील संजय सक्सेना की हत्या कर देगा, उसे 9 लाख रुपए देंगे।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ भी करेरा पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मौका मुआयना कर यह भरोसा दिलाया कि घटना को अंजाम देने वाले जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे।






