
सिकंदरा बैरियर पर कटर ने अपने साथियों के साथ किया आरटीओ स्टाफ पर हमला, महिला प्रभारी के साथ भी हुई मारपीट
घटना के 14 घंटे बाद भी नहीं हुई एफआईआर, थाना प्रभारी बोले: अभी मैडम ले रहीं बयान, कर्मचारियों पर हावी मफ़ियाराज
शिवपुरी। जिले के करेरा विधानसभा में स्थित सिकंदरा बैरियर पर बीती रात एक पुराने कटर ने अपने साथियों के साथ मिलकर आरटीओ स्टाफ पर हमला कर दिया। इसमें बैरियर प्रभारी सुमन दीक्षित के साथ भी हाथापाई की चर्चा है। महत्वपूर्ण बात यह है कि घटना के 14 घंटे बाद भी दिनारा थाने में एफआईआर दर्ज नहीं हुई। दिनारा थाना प्रभारी रविंद्र कुशवाह ने दोपहर 12:45 बजे बताया कि आरटीओ मैडम अभी स्टाफ के बयान ले रही हैं, उसके बाद मामला दर्ज होगा।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में मफ़ियाराज हावी है, और सत्ता के संरक्षण में मुरैना के एक वन रक्षक को रेत माफिया के ड्राइवर ने कुचलकर मार दिया। बीती रात शिवपुरी जिले के सिकंदरा बैरियर (एमपी/यूपी के बॉर्डर) पर आरटीओ स्टाफ के साथ पुराने प्राइवेट कटर नीरज उर्फ बल्लू यादव व उसके साथियों ने लाठी डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने महिला प्रभारी को भी नहीं बख्शा। सूत्रों का कहना है कि हमला करने वाली टीम पहले परिवहन विभाग के लिए प्राइवेट कटर का काम करती थी। पिछले कुछ समय से उन्हें इस काम से हटा दिया गया। इसी बात से नाराज पुराने कटर ने बीती रात हमला बोल दिया। घटना की सूचना मिलने पर दिनारा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। जबकि आज दोपहर में जिला परिवहन अधिकारी रंजना कुशवाह भी अपने स्टाफ का हालचाल जानने एवं घटना की जानकारी लेने पहुंचीं। सूत्रों का कहना है कि हमलावरों ने मारपीट के बाद वहां लगे कैमरों को तोड़ने के अलावा उनके डीवीडी भी अपने साथ ले गए।
बोले दिनारा थाना प्रभारी: घटना तो हुई है
सिकंदरा बैरियर पर बीती रात आरटीओ स्टाफ के साथ मारपीट हुई है। सूचना मिलने पर हम भी पहुंच गए थे। अभी आरटीओ मैडम स्टाफ के बयान ले रही हैं। मारपीट का शिकार हुए लोग 3-4 लोगों को पहचानते हैं, जबकि हमला करने वाले अधिक थे। मामले में एफआईआर तो दर्ज होगी।
रविंद्र कुशवाह, टीआई दिनारा






