March 24, 2026
शुरू होने से पहले ही उखड़ेगा गांधी पार्क का मेला, हटेंगे झूले और दुकानें, खिलाड़ियों को मिलेगा अब पूरा मैदान

शुरू होने से पहले ही उखड़ेगा गांधी पार्क का मेला, हटेंगे झूले और दुकानें, खिलाड़ियों को मिलेगा अब पूरा मैदान
SD News ने उठाया था सबसे पहले मुद्दा: शिवपुरी के पारंपरिक मेले को खत्म करने की साजिश हुई विफल

शिवपुरी। बरसों से लगने वाले सिद्धेश्वर मेले की परंपरा को खत्म करने की एक साजिश रची गई थी, जिसे कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी ने विफल कर दिया। अब जल्द ही गांधी पार्क में लगाए गए मेले के झूले उखड़ेंगे और दुकानें भी हटाकर, खिलाड़ियों के लिए अब पूरा मैदान दिया जाएगा। ज्ञात रहे कि खेल मैदान गांधी पार्क में मेला लगाए जाने का विरोध करते हुए SD News ने यह मुद्दा उठाया था।
गौरतलब है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के समाधि स्थल वाले गांधी पार्क में मेला लगाने की स्वीकृति नगरपालिका सीएमओ से ले ली गई थी। गांधी जी की दम पर मेला ठेकेदार भागचंद शिवहरे इतना कॉन्फिडेंट था कि उसने बिना देर किए ट्रकों में सामान भरवाकर गांधी पार्क में माल उतरवाने की तैयारी कर ली थी। जब यह जानकारी SD न्यूज को लगी तो हमने गांधी पार्क पहुंचकर खिलाड़ियों से बातचीत करके इस लगने वाले मेले के विरोध की शुरुआत की थी। इसके बाद गांधी पार्क में खेलने वाले खिलाड़ियों ने कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी से शिकायत करते हुए मेले को हटाने की मांग की। जबकि गांधी पार्क में मेला लगाने की अनुमति देकर सीएमओ नपा ने सिद्धेश्वर मेले का टेंडर भी निकाल दिया था। ऐसे में जब शहर में दो मेले लगते, तो अधिकांश लोग गांधी पार्क जाते, और सिद्धेश्वर मेले का अस्तित्व खतरे में पड़ जाता।
कलेक्टर श्री चौधरी ने खिलाड़ियों की बात को समझते हुए तथा पारंपरिक मेले सिद्धेश्वर को ही लगाए जाने तथा गांधी पार्क में लगाए गए मेले को हटाए जाने के निर्देश नगरपालिका को दिए।

बिना अनुमति के ले लिया था बिजली कनेक्शन

गांधी जी को अपना सब कुछ मानने वाले भागचंद इतने निश्चिंत थे कि उन्होंने गांधी पार्क के पास रिहायशी कॉलोनी को बिजली देने वाले ट्रांसफार्मर से सीधे ही तार डालकर झूलों की लाइट भी शुरू कर ली थी। अब क्या भाव पड़ेगा, जब पूरा सामान समेटना पड़ेगा और गांधी पार्क को खिलाड़ियों के लिए छोड़ना पड़ेगा।

शुरू होने से पहले ही उखड़ेगा गांधी पार्क का मेला, हटेंगे झूले और दुकानें, खिलाड़ियों को मिलेगा अब पूरा मैदान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page