
श्रीमंत विजयाराजे सिंधिया के नाम वाले शिवपुरी बस स्टेंड के मुख्य द्वार पर लगाया प्राइवेट विज्ञापन का होर्डिंग-बैनर
बस स्टेंड का जिसने लिया ठेका, उसने भी जताई आपत्ति, तो विज्ञापन लगाने वाला बोला हमारी नगरपालिका में बात हो गई
शिवपुरी। शहर के पोहरी रोड पर स्थित शिवपुरी बस स्टेंड का नाम श्रीमंत विजयाराजे सिंधिया के नाम से है। नियमानुसार बस स्टेंड के मुख्य द्वार पर उनके ही नाम का हार्डिंग लगना चाहिए, लेकिन आज एक प्राइवेट विज्ञापन का बड़ा होर्डिंग मुख्य द्वार पर लगा दिया गया। जब बस स्टेंड के ठेकेदार को पता चला तो वो भी देखने गए और आपत्ति दर्ज कराई। होर्डिंग लगाने वालो का कहना था कि हमारी नगरपालिका में बात हो गई है। जबकि बस स्टेंड को ठेके पर दिया गया है।
गौरतलब है कि शिवपुरी शहर के मुख्य बाजार कोर्ट रोड पर अस्पताल चौराहे के पास पूर्व विधायक के परिजनों ने नाले की जमीन दबाकर एक मॉल टाइप बिल्डिंग बनाई है। जो अभी निर्माणाधीन है, लेकिन उसका प्रचार करने की शुरुआत हो गई है। बनने वाले इस टॉवर का प्रचार करने के लिए पूर्व विधायक के परिजनों ने बस स्टेंड का वो गेट चुना है, जिस पर श्रीमंत विजयाराजे सिंधिया का नाम होना चाहिए था।
ज्ञात रहे कि भाजपा की नींव का पत्थर रहीं राजमाता विजया राजे सिंधिया की बेटी एवं शिवपुरी की पूर्व विधायक यशोधरा राजे सिंधिया ने बस स्टेंड का निर्माण अपनी मां के नाम पर करवाया था। इतना ही नहीं वर्तमान क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की भी वो दादी थीं।
वर्तमान में नगरपालिका के हालातों को देखकर तो लगता है कि हालात बेकाबू हैं। शहर के मध्य खेल मैदान गांधी पार्क में मेला लगवाने के लिए किराए पर दे दिया, जिससे खिलाड़ी नाराज हैं और वो पुरजोर विरोध करने की तैयारी में हैं। अब राजमाता विजया राजे सिंधिया के नाम वाले बस स्टेंड पर प्राइवेट विज्ञापन का होर्डिंग टांग दिया। यानि शहर में नपा के जिम्मेदारों की मनमानी चल रही है।






