March 17, 2026
शिवपुरी शहर में सिंध की सप्लाई ठप, फिल्टर प्लांट के पंप खराब, इंटेकबेल पर पसरी वीरानी

शिवपुरी शहर में सिंध की सप्लाई ठप, फिल्टर प्लांट के पंप खराब, इंटेकबेल पर पसरी वीरानी
गर्मी बढ़ते ही पानी की मांग बढ़ने पर पानी हुआ बंद, नगरपालिका के जिम्मेदार स्वास्थ्य शिविर में व्यस्त, टैंकर हुए शुरू

शिवपुरी। शहर में रहने वाली पौने 3 लाख की आबादी पानी के लिए परेशान है, तथा यह मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी जिस नगरपालिका की है, उसके जिम्मेदार स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्थाओं में व्यस्त हैं। पिछले कई दिनों से सिंध की सप्लाई न होने की वजह से शहर में प्राइवेट टैंकर फिर से शुरू हो गए।
शहर के झांसी तिराहे पर रहने वाले अमित मैसी ने बताया कि हमारे घर में पिछले 10 दिन से सिंध की सप्लाई नहीं आई। गर्मी अधिक बढ़ने की वजह से पानी की खपत बढ़ने से समस्या और भी अधिक विकराल हो रही है। शिवपुरी शहर में गहराए जलसंकट को देखते हुए SD News की टीम ने ग्वालियर बायपास पर जाकर देखा तो वहां पर सूखे के नजारे थे। इसके बाद टीम जब सतनबाड़ा स्थित फिल्टर प्लांट पर पहुंची, तो वहां पर केवल गेटकीपर था। पूछने पर उसने बताया कि तीन में से दो पंप पहले चल रहे थे, तथा वो दोनों भी खराब होने की वजह से सप्लाई 3 दिन से बंद है। जबकि सच्चाई यह है कि सप्लाई पिछले 6 दिन से बंद है।
इसके बाद SD News की टीम मड़ीखेड़ा डैम स्थित इंटेकबेल पर पहुंची, तो वहां का नजारा और भी अधिक चौंकाने वाला था।इंटेकबेल के गेट की कुंडी बंद थी, तथा अंदर जाकर देखा तो वहां एक भी कर्मचारी नजर नहीं आया। इंटेकबेल के पंप भी बंद पड़े थे। सड़क के दूसरी ओर एक कमरे में एक व्यक्ति खड़ा था, जो वहीं से चिल्ला कर कह रहा था कि वहां पर कोई नहीं है, पंप बंद हैं। यानि शिवपुरी शहर को पानी सप्लाई करने वाले प्रोजेक्ट के दोनों प्लांट बंद पड़े हैं।

चर्चा तो यह भी

भ्रष्टाचार में डूबी नगरपालिका के जिम्मेदारों ने प्राइवेट टैंकर वालो से कथित रूप से एग्रीमेंट कर लिया है। जिसके तहत सिंध की सप्लाई को ठप कर दिया गया, ताकि प्राइवेट टैंकर वाले मनमाने दामों पर पानी बेच सकें।
जनता पानी मांग रही, जिम्मेदार शिविर में
शिवपुरी शहर में सिंध की सप्लाई ठप होने से जनता पानी आने का इंतजार कर रही है। भिन्न दूसरी ओर पानी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संभालने वाली नगरपालिका के जिम्मेदार इन दिनों स्वास्थ्य शिविर में व्यस्त हैं।

शिवपुरी शहर में सिंध की सप्लाई ठप, फिल्टर प्लांट के पंप खराब, इंटेकबेल पर पसरी वीरानी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page