
शिवपुरी को आधुनिक पर्यटन नगरी बनाने के दावों की कलई खोलती शहर के मुख्य बाजार की यह तस्वीर
नपा में मचा कुर्सी का घमासान, शहर की जनता मुख्य बाजार की गलियों में गिरते-उठते निकल रही, एक महिला के स्कूटी सहित गिरने से फट गया होंठ
शिवपुरी। लगभग 3 माह पूर्व एक ऑनलाइन शिवपुरी की समीक्षा बैठक हुई थी, जिसमें शहर को आधुनिक पर्यटन नगरी बनाने का दावा किया गया। यह बैठक केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ली थी, जिसमें जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा नगरपालिका के जिम्मेदार भी बैठे थे।
बुधवार को SD News ने जब शहर के सबसे व्यस्ततम और सकरी गलियों वाले टेकरी बाजार को देखा तो बैठकों में बोले जाने वाले झूठ की कलई खुल गई। पुराने पुलिस क्लब के पास मोड पर सड़क के नाम पर उखड़ा डामर और बड़े पत्थर रखे हुए हैं। जिनसे टकरा कर आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय दुकानदार आशीष राठौर ने बताया कि एक महिला की स्कूटी अनियंत्रित होकर गिरी, तो महिला का होंठ फट गया। उसने बताया हर दिन लगभग आधा दर्जन लोग इस मोड पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। थी स्थिति प्रगति बाजार और कस्टम गेट की दोनों गलियां भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने की वजह से लोगों के लिए परेशानी बनी हुई हैं।
महत्वपूर्ण बात यह है कि टेकरी बाजार महिलाओं और युवतियों से जुड़ी सभी सामग्री मिलती है। इसी रोड से होकर गर्ल्स स्कूल की सैकड़ों छात्राएं हर दिन निकलती हैं। वैसे तो महिलाएं सरकार बनाने से लेकर घर में भी हावी रहती हैं, तो फिर उनके बाजार की इस दुर्दशा पर वो चुप क्यों हैं?, जबकि वो ही अधिक गिर कर चोटिल हो रही हैं।
ज्ञात रहे कि इस बाजार में पानी की लाइन के लिए गली खोदी जा रही है, क्योंकि टेकरी पर पानी की दूसरी टंकी बन रही है। नियमानुसार तो पाइप लाइन डालने के बाद उसे मोटरेबल करना चाहिए। ऐसी ही सड़कों का मेंटेनेंस करके उन्हें पुरानी सड़क की तरह बनाने के लिए नगरपालिका को 4.50 करोड़ रूपए की राशि आई थी, जिसे ठेकेदार और नपा के जिम्मेदारों ने मिलकर निपटा दी। इतना ही नहीं, रोड रेस्टोरेशन की फाइल भी नपा से गायब है, जिसका उल्लेख एडीएम की जांच में भी किया गया है। भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी नपा के जिम्मेदार अपनी कुर्सी बचाने और जेब भरने में लगे हैं, उनकी तरफ से जनता जाए भाड़ में।






