
शिवपुरी के वार्ड क्रमांक 1 में जब नपा ने नहीं बनवाई सड़क, तो स्थानीय लोगों ने चंदा कर शुरू किया सड़क निर्माण
बरसात में फार्म हाउस तक पहुंचना हो रहा दूभर, पार्षद ने किया था वायदा वोटों की गिनती होने के 5 दिन बाद डलवा देंगे सड़क, अब विधायक भी नहीं सुन रहे
शिवपुरी। नगरपालिका शिवपुरी में यूं तो 39 वार्ड हैं, लेकिन यदि वार्ड क्रमांक 1 में ही सड़कों की बदहाली देखने से शेष वार्डों का अंदाजा लगाया जा सकता है। महत्वपूर्ण बात यह है कि जब लंबे इंतजार के बाद सड़क नहीं बनवाई तो स्थानीय लोगों ने खुद ही चंदा करके मुरम वाली सड़क का काम शुरू करवा दिया।
शिवपुरी के वार्ड क्रमांक 1 में बछोरा भी आता है, जिसमें लोगों के फार्म हाउस तथा खेतों पर ही परिवार सहित लगभग 35 परिवार निवास करते हैं। वार्ड में रहने वाले दाताराम ने बताया कि पार्षद के चुनाव से पहले वर्तमान पार्षद अमरदीप शर्मा ने कहा था कि इधर वोटों की गिनती होगी, उधर 5 दिन में सड़क का काम शुरू हो जाएगा। लेकिन 3 साल गुजरने के बाद अब पार्षद फोन ही नहीं उठाते। चूंकि पार्षद कत्था मिल में दीवान साहब के यहां नौकरी भी करते हैं, तो वार्डवासियों की सुनवाई भी नहीं करते।
इसी रोड पर पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक हरदीप सिंह रावत (एसपी ऑफिस में पदस्थ) का फार्म हाउस भी है। हरदीप ने बताया कि बरसात के दौरान तो यहां से निकलना किसी बड़े खतरे से कम नहीं रहता। वो अभी तक अपनी तरफ से सड़क पर गिट्टी पत्थर में 40 हजार रुपए खर्च कर चुके हैं। उन्होंने तो यह भी सुना है कि इस सड़क के नाम पर दो बार राशि स्वीकृत हो चुकी है, लेकिन सड़क अभी तक नहीं बन सकी। मजबूर होकर लोगों ने अपनी हैसियत के आधार पर राशि इकठ्ठी कर उक्त सड़क पर मुरम की सड़क बनवा रहे हैं।
दाताराम ने बताया कि दो बार शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन से भी मिलने गए, लेकिन वो तो मुंह में पुड़िया दबाने के बाद कुछ बोलते ही नहीं हैं। उन्होंने भी जब सुनवाई नहीं की तो हम लोग चंदा करके इतना तो करने का प्रयास कर रहे हैं कि सुरक्षित निकल पाएं।
करोड़ों के भ्रष्टाचार में डूबी नपा, जनता परेशान
शिवपुरी नगरपालिका ने स्वच्छता में भले ही पीछे से पहला स्थान पाया हो, लेकिन भ्रष्टाचार में प्रदेश की नम्बर- 1 बन गई। 4 करोड़ की रोड रेस्टोरेशन की फाइलें गायब हैं, 1-1 लाख की सैकड़ों फाइलों को दबा दिया, भ्रष्टाचार अधिनियम का मामला भी दर्ज हो चुका है, लेकिन अभी मुख्य कर्ताधर्ताओं के नाम जुड़ना बाकी है। एक तरफ करोड़ों का भ्रष्टाचार करने वाली नपा वो सड़क नहीं बनवा रही, जो महत्वपूर्ण होकर जनता की बड़ी जरूरत है।






