
शहर के बीचोबीच होटल में लगी आग, एक घंटे बाद अकेला ड्राइवर दमकल लेकर पहुंचा, उससे पहले कोतवाली पुलिस ने बुझाई आग
कोतवाली टीआई ने मंगवाए प्राइवेट टेकर, खुद आग बुझाने घुसे होटल में, भ्रष्टाचार में लिप्त नपा, आग बुझाने में विफल
शिवपुरी। शिवपुरी शहर में वीर सावरकर उद्यान के सामने स्थित गैलेक्सी होटल में गुरुवार की शाम एकाएक आग भड़क गई। होटल के किचिन में लगी आग की सूचना तत्काल नगरपालिका को दी गई, लेकिन फायर बिग्रेड एक घंटे बाद अकेला ड्राइवर लेकर तब पहुंचा, जब पुलिस ने आग को बुझा लिया। यानि भ्रष्टाचार में लिप्त नपा आग बुझाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य में भी फिसड्डी है।
आज शाम लगभग साढ़े 4 बजे गैलेक्सी होटल में से धुंआ निकलना शुरू हुआ। होटल में लगी आग की सूचना तत्काल नपा से दमकल बुलाने के लिए फोन लगाया। वहीं सूचना मिलते की कोतवाली टीआई रोहित दुबे अपनी टीम के साथ होटल पर पहुंचे, और उन्होंने खुद ही बाल्टी और जग से पानी फेंक कर आग पर काबू करने का प्रयास किया। उन्होंने प्राइवेट टेकर भी मौके पर बुलवाकर आग बुझाने के लिए लगाया, तब कहीं जाकर आग ओर काबू पाया जा सका। होटल के किचिन में आग लगी थी, जो तेजी से होटल के दूसरे हिस्सों में फैलने लगी थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते बड़ी आगजनी की घटना बच गई।
आग बुझने के बाद दमकल लेकर पहुंचा ड्राइवर
होटल में आग लगने की सूचना देने के एक घंटे बाद नपा की दमकल को लेकर अकेला ड्राइवर मौके पर पहुंचा। लेकिन उससे पहले ही आग पर काबू कर लिया गया था। इसमें बड़ा सवाल यह है कि जब शहर में ही आग बुझाने के लिए नपा की दमकल समय पर नहीं पहुंच पा रही, तो फिर नपा के जिम्मेदारों से क्या उम्मीद की जा सकती है?। भ्रष्टाचार में नंबर वन पर रहने वाली नगरपालिका शिवपुरी आगजनी जैसी घटना को नियंत्रित करने में फिसड्डी साबित हुई।






