February 19, 2026
संवेदनशील हुआ पिछोर विधानसभा: कुएं में मिली 24 वर्षीय युवक की लाश, कई मामले अनसुलझे

संवेदनशील हुआ पिछोर विधानसभा: कुएं में मिली 24 वर्षीय युवक की लाश, कई मामले अनसुलझे
भौंती के बमेरा में मिली अधजली युवती की नहीं हो सकी पहचान, पड़ोरा के पास हुआ ट्रिपल मर्डर भी नहीं हुआ ट्रेस

शिवपुरी। जिले की पिछोर विधानसभा पिछले कुछ समय से न केवल संवेदनशील हो गई, बल्कि आए दिन लाशों के मिलने का क्रम भी जारी है। बुधवार को पिछोर के ग्राम खुरई में एक 24 वर्षीय युवक मुकेश लोधी की लाश कुएं में मिली।इसके अलावा पिछले वर्ष भौंती के बमेरा गांव के पास एक युवती की अधजली लाश की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी। वहीं पडोरा के पास एक घर में मिलीं माता-पिता और बेटे की लाश के हत्यारे भी महीनों भर बाद बेसुराग हैं।
ग्राम खुरई में रहने वाला मुकेश लोधी मंगलवार की शाम 7 बजे अपने खेत पर जाने की कहकर निकला था। घर से निकलने से पहले उसके पास किसी का फोन आया था। आज सुबह मुकेश की चप्पल और मफलर उसके खेत की दूसरी दिशा के कुएं में तैरते मिले। परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या कर लाश कुएं में फेंकी है, तथा लाश पर चोटों के निशान हैं।
यदि पिछले कुछ समय से देखा जाये तो पिछोर विधानसभा में लाशों का पेड़ पर लटके मिलना, कुएं में मिलना एक अनवरत क्रम बन गया है। मरने वालों में युवक-युवतियां भी शामिल हैं, तथा अपराध करने में भी वो शामिल हैं। इसमें एक बड़ा कारण ग्रामीण क्षेत्रों में बनने वाली पोर्न रील और उनके माध्यम से होने वाली ब्लैकमेलिंग भी एक बड़ा कारण है।
एक तरफ जहां अपराधिक घटनाएं बढ़ गई हैं, तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के लोगों ने पिछले दिनों पुलिस अधीक्षक को सौंपे ज्ञापन में उल्लेख किया है कि एक ग्राम पंचायत का सरपंच तो गुंडागर्दी से परेशान होकर अपना खेत और घर तक छोड़ कर चला गया। पिछले दिनों विधायक के नजदीकियों द्वारा 10 लाख रुपए कीमत की मछली तालाब में से जबरन भर कर ले जाने का वीडियो भी वायरल हुआ था। यह अब हालात क्यों बन रहे हैं, तथा इन पर कैसे अंकुश लगाया जाए, इस पर विचार करना जरूरी हो गया, अन्यथा स्थिति और भी बिगड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page