
रेप के आरोपी नपाध्यक्ष पुत्र को नेशनल कांग्रेस ने देश को दिखाया, जिला कांग्रेस ने पीड़िता से मुलाकात तक नहीं की
न पहुंचे कांग्रेस के पोहरी विधायक, न ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने की मुलाकात, स्थानीय कांग्रेसियों की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
शिवपुरी। इंडियन नेशनल कांग्रेस ने शनिवार को तीन फोटो सहित एक पोस्ट डाली, जिसका स्लोगन दिया बीजेपी से बेटी बचाओ। इन फोटो में एक फोटो शिवपुरी नगरपालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा के पुत्र रजत शर्मा का भी है। एक तरफ नेशनल कांग्रेस ने शिवपुरी के इस मामले को उछाला है, वहीं दूसरी ओर जिला कांग्रेस की तरफ से न तो जिलाध्यक्ष पीड़िता से मिलने गए और ना ही पोहरी से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह को समय मिल पाया।
शिवपुरी शहर को नपाध्यक्ष अपने कार्यकाल में भले ही कुछ उपलब्धि न दिलवा पाई हों, लेकिन उनके बेटे की करतूत ने शिवपुरी को देश भर में शर्मसार कर दिया। जिस युवती ने नपाध्यक्ष के पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कराया है, उसने नपाध्यक्ष के परिवार की धमकियों से त्रस्त होकर बीते 24 दिसंबर को नींद की थोकबंद गोलियां एवं चूहा मारने की दवा गटक ली थी, तथा वर्तमान में भी वो अभी मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। इस घटना के 4 दिन बाद भी न तो कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल उनसे मिलने गए, और ना ही कांग्रेस की तरफ से इस घटना पर कोई बयान आया।
ज्ञात रहे कि जब मोहित अग्रवाल को कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनाया गया था, उसके बाद वो कथित रूप से नपाध्यक्ष को साथ लेकर घूमते रहे, तथा उस दौरान नपाध्यक्ष का विरोध कर रहे कांग्रेस पार्षदों से भी संपर्क किया था। इतना ही नहीं नपा ने नेता प्रतिपक्ष से भी नपाध्यक्ष की वकालत करते हुए समझौते की बात कही थी। शायद यही वजह है कि नपाध्यक्ष पुत्र पर दर्ज हुए दुष्कर्म के इस मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष के मुंह से कोई बोल नहीं फूटा।
इस संबंध में जब मोहित अग्रवाल से बात की तो उनका कहना था कि नेशनल कांग्रेस ने हमसे नपाध्यक्ष पुत्र के मामले में पूछा था कि क्या यह सब सही है, तो हमने कहा था कि जो कुछ आपको पता चला है, वो सब सही है। यानि शिवपुरी के कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने अपनी तरफ से कुछ नहीं बताया, जब राष्ट्रीय नेतृत्व ने उनसे मामले की सत्यता जाननी चाही, तो उन्होंने अपनी सहमति जताई। साथ ही मोहित ने बताया कि हमारे परिवार की हरिद्वार में कथा है, इसलिए मैं रेप पीड़िता से मिलने नहीं जा पाया।
छोटे मुद्दों पर बड़ा बबाल करने वाले कैलाश ने भी साधी चुप्पी
पोहरी से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह यूं तो छोटे-छोटे मुद्दों पर चीख-पुकार करते नजर आते हैं, लेकिन रेप पीड़िता द्वारा जान देने का प्रयास करने के इस मामले में वो इतना समय भी नहीं निकाल पाए कि मेडिकल कॉलेज जाकर उसका हाल चाल पूछ आते। जबकि राष्ट्रीय कांग्रेस शिवपुरी के इस मुद्दे को देश भर में उछाल रही है। पोहरी विधायक की चुप्पी के पीछे जमीन का कोई मामला तो नहीं है, जो नगरपालिका में उलझा हो..?,







