
रात में हुआ होलिका दहन, सुबह से असमंजस में लोग, सभी निकले होली वाले कपड़े पहनकर, माथे पर गुलाल तक नहीं
दो दिवसीय होली होने से पुलिस होली की तारीख गड़बड़ाई, एएसपी बोले: कल रात में तय करेंगे
शिवपुरी। बीती रात होलिका दहन होने के बाद से हुरियारे निराश हैं, क्योंकि चंद्रग्रहण ने उनसे होली खेलने का अधिकार छीन लिया। मंगलवार को बाजार भी सामान्य दिनों की तरह खुला रहा, लेकिन ग्राहक कहीं नजर नहीं आए। दुकानदार भी घर बैठकर क्या करता, सो दुकान खोलकर बैठ गए।
होली के रंग-गुलाल और पिचकारी लेकर बैठे दुकानदार भी अभी निराश हैं। पहले यह मना जा रहा था कि दो दिवसीय होली होने की वजह से अच्छी दुकानदारी होगी, लेकिन अब दुकानदार कह रहे हैं कि अगले दिन वाली होली ही बढ़िया थी।
बाजार में आज सभी के चेहरे तो साफ थे, लेकिन कपड़े पुराने पहने हुए थे, क्योंकि यह भी भरोसा नहीं था कि जो ग्रहण को नहीं मान रहा, वो रंग गुलाल जरूर लगाएगा। महत्वपूर्ण बात यह है कि जो लोग होली के कपड़े पहनने के बाद कंठ तर करते थे, वो खुद को असहज महसूस करते रहे।
24 की जगह 48 घंटे पुलिस की तैनाती:
यूँ तो हर साल होलिका दहन के अगले दिन आमजन होली मनाते थे, और फिर 24 घंटे लगातार ड्यूटी देने के बाद अगले दिन पुलिस की होली मना करती थी। इस बार दो दिवसीय होली की वजह से पुलिस को 48 घंटे लगातार ड्यूटी देनी की वजह सी थकान अधिक हो जाएगी। इसलिए अभी पुलिस की होली की तारीख तय नहीं हुई। एडिशनल एसपी संजीव मुले ने कहा कि कल बुधवार की रात तक हमारा फोर्स लगा रहेगा, तो फिर कल रात में ही तय करेंगे।
बाजार में शाम को लौटी रौनक
दिन भर बाजार में वीरानी पसरी रहने के बावजूद दुकानदार इसी इंतजार में थे कि होली मनाने का समय जब नजदीक आएगा, तो बिक्री बढ़ेगी। शाम होते ही रंग गुलाल की दुकानों पर खरीददारों की भीड़ आना शुरू हो गई।






