
प्रदेश की आ गई सूची, अब जिले की भाजपा कार्यकारिणी की घोषणा का इंतजार
रावत का कद घटा, शर्मा ने मारी बाजी, कार्यालय से बाहर हुए राघवेंद्र, तो सूची से भी गायब
शिवपुरी। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी घोषित हो गई, जिसमें करेरा के रणवीर रावत का कद घटा दिया, जबकि मड़वासा वाले सुरेंद्र शर्मा ने उपाध्यक्ष पद लेकर बाजी मार ली। कार्यालय का प्रभार देख रहे शिवपुरी के तीसरे नेता राघवेंद्र शर्मा को सूची में कोई स्थान नहीं मिला, जबकि सागर की सांसद लता बानखेड़े महामंत्री बनाई गई। प्रदेश की सूची में प्रभुराम चौधरी ही सिंधिया गुट के नजर आ रहे हैं। अब इंतजार है शिवपुरी की भाजपा जिला कार्यकारिणी का, जिसमें शामिल नामों को लेकर जिले की जनता में उत्सुकता अधिक है।
गौरतलब है कि तोमर गुट के रणवीर रावत पहले प्रदेश महामंत्री थे, जिन्हें इस बार उपाध्यक्ष बनाया गया। उनका कद इसलिए घटा कह सकते हैं, क्योंकि उपाध्यक्ष 9 हैं, जबकि महामंत्री 4 ही होते हैं। कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष बने सुरेंद्र शर्मा इससे पहले कार्यसमिति सदस्य थे, जिन्होंने छलांग लगाते हुए उपाध्यक्ष की सूची में अपना नाम दर्ज कराया। चूंकि प्रदेश की इस कार्यकारिणी में संगठन और संघ को तबज्जों दी गई, इसलिए सूची को लेकर अधिक बगावत के सुर सुनाई नहीं दे रहे। शिवपुरी के राघवेंद्र शर्मा (जो लंबे समय तक कार्यालय प्रभारी रहे), यदि उन्हें भी सूची में कहीं जगह मिल जाती तो शिवपुरी के तीन हो जाते।
अब इंतजार है जिला कार्यकारिणी का…
प्रदेश के बाद शिवपुरी जिले की भाजपा कार्यकारिणी की घोषणा का इंतजार नेताओं को इसलिए है, कि उनका नाम शामिल किया कि नहीं?, उधर जनता भी यह इंतजार कर रही है कि जिला कार्यकारिणी में संगठन और संघ की चलेगी, या फिर सिंधिया कार्यकारिणी बनेगी?। भाजपा जिलाध्यक्ष और भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष की नियुक्ति के बाद पहले से भाजपा के सक्रिय नेता और कार्यकर्ता निराश हैं। इसलिए अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा की जिला कार्यकारिणी में कौन अपना नाम दर्ज करा पाता है..?










1 thought on “प्रदेश की आ गई सूची, अब जिले की भाजपा कार्यकारिणी की घोषणा का इंतजार”