
पोहरी मंडी में प्रति क्विंटल 4 किलो से अधिक सरसों खरीद रहा व्यापारी पकड़ा, कांटा जब्त
बैराड़ में धमाके के बाद पता चला नकली मावा बनाने वाली फैक्ट्री, एसडीएम ने कराया सील
शिवपुरी। इन दिनों मंडी में बिकने के लिए फसल आ रही है, तो उसमें हेरफेर करने वाले भी सक्रिय हो गए। पोहरी भाजपा मंडल अध्यक्ष आशुतोष जेमिनी की सक्रियता से शनिवार के ऐसा ही एक मामला पकड़ा, जिसमें प्रति क्विंटल सरसों की तौल में 4 किलो से अधिक सरसों ली जा रही थी।
सूचना मिलने पर मंडी पहुंचे एसडीएम अनुपम शर्मा ने बताया कि मुरैना का व्यापारी सरसों खरीदने के लिए पोहरी मंडी आया था। भूपेंद्र गुर्जर व्यापारी अपने साथ जो नया तौल कांटा लेकर आया, उसमें 50 किलो की बोरी में 2 किलो 600 ग्राम सरसों अधिक ली जा रही थी। एसडीएम ने जब व्यापारी से पूछा तो उसने बताया कि मैं तो नया तौल कांटा लेकर आया था, जिसे चेक करने के लिए मैने मंडी स्टाफ से भी कहा था। एसडीएम अनुपम शर्मा ने बताया कि तौल कांटा सीज कर दिया है, तौल को सही करवाया, तथा मंडी स्टाफ को भी नोटिस जारी कर रहे हैं।
धमाके ने बताई नकली मावे की फैक्ट्री
पोहरी विधानसभा के बैराड़ कस्बे में शनिवार की दोपहर डेढ़ बजे एकाएक तेज धमाका हुआ। आवाज की दिशा में जाकर तहसीलदार दृग पाल सिंह वेश ने मौके पर जाकर देखा तो जिस बंद फैक्ट्री में धमाका हुआ, उसमें नकली मावा बनाया जा रहा था। मौके से 1 क्विंटल सड़ा मावा सहित अन्य सामग्री जब्त कर उसे सील कर दिया। यह फैक्ट्री विवेक पुत्र ओमप्रकाश गुप्ता की है। एसडीएम अनुपम शर्मा का कहना है कि जिले की फूड सेफ्टी टीम को पता ही नहीं है कि कहां कोई सी फैक्ट्री चल रही है।
पानी पीना दलित परिवार को पड़ा महंगा
जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम अडजार में शुक्रवार की शाम को राजकुमार वंशकार एक दुकान पर बीड़ी लेने गया। इसी दौरान उसे जब प्यास लगी तो उसने दुकान पर रखी बोतल से पानी पी लिया। उसे पानी पीते हुए जब ग्राम बदन के राजसिंह लोधी ने देखा, तो उसने न केवल आपत्ति दर्ज कराई, बल्कि राजकुमार के साथ मारपीट भी कर दी तो वो किसी तरह जान बचाकर भागा। राजकुमार की पत्नी किरण ने बताया कि शाम को बाइक पर सवार होकर आए लोगों ने घर में घुसकर फिर राजकुमार को पीटा, और बचाने गई किरण को भी पीटा। इस दौरान उक्त लोग घर का सामान भी तोड़ गए। पुलिस की 112 गाड़ी से राजकुमार को पहले पिछोर अस्पताल और फिर शिवपुरी जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






