
पिछोर में सरेराह बाइक सवार महिला से लूटे जेवर, मुंह पर कपड़ा बांधे लुटेरे थे हथियारों से लैस
पोहरी उप जेल से फरार आरोपी परिछा के खेत से गिरफ्तार, सलैया में दो गोली से घायल महिला ने तोड़ा दम
शिवपुरी। जिले की पिछोर विधानसभा अब इतनी अधिक संवेदशील हो गई कि हथियारबंद लुटेरे सरेराह लूटपाट करने से परहेज नहीं कर रहे। शुक्रवार की शाम जंगीपुरा गांव के पास एक बाइक सवार महिला से हथियार की नोक पर जेवर लूट लिए। उधर शुक्रवार को पोहरी जेल की दीवार फांदकर फरार हुआ पॉक्सो एक्ट का आरोपी परिच्छा गांव के एक खेत से दबोच लिया। भिन्न सलैया में दो गोली मारने से घायल हुई महिला ने ग्वालियर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
रीना पत्नी आशाराम यादव अपने जेठ जानकी प्रसाद के साथ बाइक पर सवार होकर अपने मायके रेवई दिनारा जाने के लिए निकली। शाम 5 बजे जब उनकी बाइक पिछोर के जंगीपुरा गांव के पास से जा रही थी, तभी चेहरा ढांककर आए तीन हथियारबंद बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर रीना के गले से सोने का हार, नाक की लांग व कान के झुमके खींच कर लूटे, जिससे उसके कान में से खून निकल आया। लूटपाट करने से पहले एक बदमाश ने हवाई फायर भी किया था। पुलिस ने मामले।की जांच शुरू कर दी है।
इधर जिले की पोहरी उप जेल की दीवार फांदकर फरार हुए पॉक्सो के आरोपी बादाम शाक्य को पुलिस ने 6 घंटे के अंदर ग्राम परिच्छा के एक खेत में से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज है।
उधर अमोला के ग्राम सलैया में रहने वाली रानी पत्नी धर्मेंद्र सेन को शुक्रवार की दोपहर उसके पड़ोसी सुघर सिंह लोढ़ी ने 315 बोर की लाइसेंसी रायफल से दो गोली मार दी थी। महिला को गंभीर हालत में शिवपुरी के मेडिकल कॉलेज से ग्वालियर रेफर किया गया था, जहां उसने शनिवार को दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े महिला की हत्या करने वाला आरोपी अभी फरार है।






