
इधर पोहरी विधायक कांग्रेस का कुनबा बढ़ाने में जुटे, उधर जिले के कांग्रेसी जिलाध्यक्ष को हटाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष से मिले
विपक्ष में रहते हुए भी कांग्रेस में खत्म नहीं हो रही आपसी खींचतान, जिलाध्यक्ष पर भाजपाई होने का आरोप
शिवपुरी। जिले की पोहरी विधानसभा से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह ने शुक्रवार को एक सैकड़ा लोगों के गले में कांग्रेस की पट्टी डालकर उन्हें भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आने का दावा किया। उधर जिले भर के लगभग एक सैकड़ा कांग्रेसी कार्यकर्त्ता भोपाल में जाकर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से मिले कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष को हटाया जाए। यानि जिले में एकमात्र कांग्रेस विधायक जहां एक तरफ पार्टी का कुनबा बढ़ाने में लगे हैं, तो वहीं अन्य कांग्रेसी जिले का मुखिया बदलवाने की कसरत में लगे हैं।
पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह ने आज कुछ फोटो और वीडियो भेजे हैं, जिसमें बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस की पट्टी गले में डाले हुए नजर आ रहे हैं। विधायक ने यह दावा किया है कि बैराड़ व आसपास के गांव के लगभग एक सैकड़ा लोगों ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। अब जो लोग पट्टी डाले हुए हैं, वो कभी भाजपा में थे, यह तो विधायक या स्थानीय भाजपा नेता ही बता सकते हैं। हालांकि कांग्रेस विधायक पार्टी में सदस्यों को बढ़ाने की अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के जिले भर के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष को हटाने में अपना जोर लगा रहे हैं।पिछले दिनों दतिया में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के समक्ष जिलाध्यक्ष हटाने की मांग तथ्यों के साथ करते हुए नारे लगाए थे मोहित हटाओ-कांग्रेस बचाओ। इसके बाद करेरा में अर्धनग्न प्रदर्शन करते हुए जिलाध्यक्ष को हटाने की मांग की, तथा नरवर में भी जब जिलाध्यक्ष को काले झंडे दिखाने के लिए कांग्रेसी इकट्ठे हुए तो उन्हें पुलिस ने पहले ही नजरबंद कर लिया था। जिले में सुनवाई न होने की वजह से बीते गुरुवार को लगभग एक सैकड़ा कांग्रेसी कार्यकर्त्ता भोपाल पहुंचे तथा उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से मुलाकात करके कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल एवं कुछ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष को हटाने की मांग की। बताते हैं कि कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को पूरा समय देने के साथ ही उनकी बात सुनी, तथा उनकी मांग पर विचार करने की बात भी कही।








