March 5, 2026
होली में हर तरफ उड़ा रंग-गुलाल, कलेक्टर भी बने सिंगर, सड़कों पर पड़े मिले फटे कपड़े

होली में हर तरफ उड़ा रंग-गुलाल, कलेक्टर भी बने सिंगर, सड़कों पर पड़े मिले फटे कपड़े
जैसे दिन बढ़ता गया, गुलाल लगाकर कंठ तर करने के बाद देर दोपहर हुआ होली का हुड़दंग

शिवपुरी। होलिका दहन के अगले दिन चंद्र ग्रहण के फेर में होली न खेल पाने से मायूस बच्चे व युवा बुधवार की सुबह होने का इंतजार कर रहे थे। कॉलोनी-मोहलों से शुरू हुआ रंग गुलाल बाज़ार में भी जमकर उड़ा। होली में इस बार कलेक्टर भी सिंगर बन गए। देर दोपहर जब शहर की सड़कों पर निकले तो जगह-जगह पड़े मिले फटे कपड़ों को देखकर समझ आ गया कि कई लोग अर्धनग्न अवस्था में अपने घर पहुंचे होंगे।
ऐसा पहली बार हुआ कि होलिका दहन के साथ उड़ने वाला रंग गुलाल, अगले दिन पूरी तरह से गायब रहा। होलिका दहन और होली के हुड़दंग के बीच आए इस ब्रेकर का डर भी लोगों को इतना अधिक था कि मंगलवार को किसी ने रंग तो दूर गुलाल भी नहीं लगाया। ग्रहण का ब्रेकर शाम को हटते ही लोगों ने रंगों के इस पर्व को यादगार बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दीं।
आज सुबह से हर कॉलोनी मोहल्ले के अलावा शुभ 10 बजे के बाद बाजार में भी रंग गुलाल उड़ना शुरू हो गया। शहर के विभिन्न संगठनों एवं संस्थाओं ने होली मनाने के लिए गीत संगीत के साथ डांस आदि का भी आयोजन किया। कुछ जगह तो बड़े वाले प्लास्टिक के बाथ टब में रंग घोलकर उसमें भी डुबकियां लगाई।

कलेक्टर बंगले पर भी जमकर मनी होली

आज सुबह से ही कलेक्टर बंगले पर होली की तैयारियां शुरू हो गईं थी। गीत संगीत से लेकर नाश्ते आदि की व्यवस्था की गई थी। फिर जब होली का रंग चढ़ना शुरू हुआ तो कलेक्टर रविंद्र चौधरी ने माइक थाम पर होली के गाने गाए। इस दौरान एसपी अमन सिंह राठौड़ भी ड्रेस में कलेक्टर बंगले पर सपत्नीक पहुंचे तथा होली की बधाई दी। इस दौरान मिसेज कलेक्टर भी मौजूद रहीं।

जंगल में मंगल की भी रही व्यवस्था

एक तरफ जहां लोगों ने कॉलोनी मोहल्ले या बाजार में होली मनाई, तो वहीं कुछ लोगों ने शहर में मिलने जुलने वालों को गुलाल लगाकर जंगल में मंगल मनाने की व्यवस्था जमाई। इस तरह की व्यवस्था शिवपुरी-झांसी लिंक रोड पर फार्म हाउसों पर की गई, जहां पर सभी तरह की सुविधाओं का ध्यान रखा गया।

माधव चौक पर पुलिस की रही चेकिंग

रंगों का यह त्यौहार बिना किसी लड़ाई झगड़े और शांतिपूर्वक मनाया जा सके, तथा लोग नशा करके सड़क पर वाहन न चलाएं, इन सबकी निगरानी के लिए शहर के हृदय स्थल माधव चौक पर स्वयं पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ एवं कोतवाली टीआई कृपाल सिंह राठौड़ अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। चेकिंग के दौरान कुछ लोग तो यह भी कहते सुने गए कि हम होली मना रहे हैं, तो यह हमें चेक कर रहे हैं, कल जब यह खुद होली मनाएंगे, तो इन्हें कौन चेक करेगा..?

होली में हर तरफ उड़ा रंग-गुलाल, कलेक्टर भी बने सिंगर, सड़कों पर पड़े मिले फटे कपड़े

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page