
हरियाणा के रहने वाले सीआरपीएफ जवान ने शिवपुरी में फांसी लगाकर दी जान, कारण अज्ञात
दो सड़क हादसों में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौत, दोनों ही हादसे बदरवास में हुए
शिवपुरी। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) शिवपुरी में पदस्थ हवलदार जोगेन्द्र सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक जवान हरियाणा का रहने वाला था, तथा दो साल पूर्व ही शिवपुरी में पदस्थ हुआ था।
मृतक जवान के बेटे ने बताया कि 48 वर्षीय उसके पिता जोगेन्द्र सिंह ने 14 फरवरी को ही परिजनों से बात की थी, जिसमें उन्होंने अपनी कोई भी समस्या नहीं बताई थी। इतना ही नहीं, वो जल्द घर भी आने वाले थे। इसी बीच सोमवार की देर शाम शिवपुरी सीआरपीएफ से परिजनों को सूचना मिली कि जोगेन्द्र सिंह ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारणों की जांच चल रही है।
दो सड़क हादसों में गई तीन लोगों की जान
शिवपुरी जिले से गुजरे आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार एवं मंगलवार को दो सड़क हादसे हुए, जिसमें 3 लोगों की जान चली गई। सोमवार को 45 वर्षीय इमरत जाटव अपनी बाइक पर पत्नी कृष्णा और 16 वर्षीय बेटे रुपेश के साथ अपने गांव बिजरौनी जा रहा था कि तभी एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी थी। इस हादसे में इमरत की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बेटे रुपेश ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बताते हैं कि रूपेश 10वीं का छात्र था, और आज उसका पेपर था।
दूसरी घटना आज सुबह बदरवास में हाइवे पर उस समय हुई, जब मंदसौर निवासी पीकअप ड्राइवर 27 वर्षीय बलराम सिंह गाड़ी में मछली भरकर गोरखपुर जा रहा था। सुबह जब वो गाड़ी रोककर टायलेट करने लगा था, कि तभी गुना की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






