
देश के महानगरों से आए धरती के भगवानों ने जब मरीज से कहा कि सब ठीक है, यह सुनकर ही मरीज ठीक होने लगे
सात दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप का हुआ समापन: महंगी जांच से लेकर डॉ. जमाल जैसे देश के ख्यातिनाम डॉक्टरों ने दी सेवाएं
शिवपुरी। डॉक्टर को धरती का भगवान इसलिए भी कहते हैं, क्योंकि डॉक्टर यदि बीमार से यह कह देता है कि सब ठीक है, तो मरीज उसी समय से ठीक होने लगता है। क्योंकि डॉक्टर की कही हुई बात मरीज के आत्मबल को बढ़ाता है। शिवपुरी में चले सात दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप में जब देश के ख्यातिनाम डॉ. यूसुफ जमाल ने मरीजों का चेकअप करके कहा कि सब ठीक है, तो उस मरीज के दिल की धड़कने स्वतः ही सामान्य हो गई।
गौरतलब है कि शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के पास स्थित सांदीपनि स्कूल में बीते 17 मार्च से शुरू हुए मेगा हेल्थ कैंप का मंगलवार 24 मार्च को समापन हो गया। इसमें इतने मरीजों का उपचार हुआ कि इंडिया गिनीज बुक में यह स्वास्थ्य शिविर दर्ज हो गया। इसमें सर्वाइकल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर जैसी बीमारियों की महंगी जांचें भी न केवल निःशुल्क हुईं, बल्कि उनका इलाज भी किया गया। इस मेगा शिविर के दौरान प्राकर्तिक आपदा भी आई, लेकिन अगली सुबह शिविर की सेवाएं सामान्य हो गई। इस मेगा कैंप का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया, तो समापन उनके पुत्र व मप्र क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया ने किया। इस दौरान सांसद की पत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने भी शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया था।
इस आयोजन में महानगरों से आए डॉक्टरों ने जहां मरीजों का उपचार किया, तो वहीं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री के ग्वालियर वाले पीए पुरुषोत्तम पाराशर, कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी, एसपी अमन सिंह राठौड़ ने भी बखूबी सहयोग करते हुए इस आयोजन को सफल बनाया। मेगा स्वास्थ्य शिविर में कोलारस विधायक महेंद्र यादव, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन के अलावा आज पिछोर विधायक प्रीतम लोधी भी शिविर में आए। इस शिविर की महत्वपूर्ण बात यह भी रही कि रोटरी क्लब के सदस्यों के अलावा शहर की अन्य सामाजिक संस्थाओं के लोगों ने भी सुबह के लेकर शाम तक इस शिविर में अपनी सेवाएं दीं। यही वजह रही कि स्वास्थ्य शिविर का यह महाकुंभ
शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो पाया।
आज की झलकियां:
– दोपहर 2 बजे के बाद लगातार अपनी सेवाएं दे रहे बाहर से आए डॉक्टरों ने रिलेक्स महसूस किया, तथा उनकी गाड़ियां स्कूल कैंपस में तैयार हो गई।
– शिविर का समापन कार्यक्रम मेडिकल कॉलेज में आयोजित हुआ, जिसमें महाआर्यमन सिंधिया ने भागीदारी की।
– दोपहर 2 बजे के बाद से सड़कों के किनारे लगे बिनार-हॉर्डिंग भी उतरना शुरू हो गए थे।






