
कांग्रेस कार्यालय पर नहीं फहराया तिरंगा, गांधी सेवाश्रम ट्रस्ट पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मनाया गणतंत्र दिवस
बोले जिलाध्यक्ष मोहित: यदि कांग्रेस कार्यालय पर फहराते तिरंगा, तो प्रचारित करते कि दो फाड़ हो गई कांग्रेस
शिवपुरी। गणतंत्र दिवस पर सभी सरकारी विभागों, स्वायत्ती संस्थाओं के अलावा पार्टी कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है। इसके विपरीत आज कांग्रेस कार्यालय पर तिरंगा कहीं नजर नहीं आया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने गांधी सेवाश्रम पर जाकर तिरंगा फहराया तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष के संदेश का वाचन किया। मोहित का कहना है कि यदि हम कांग्रेस कार्यालय पर भी झंडा फहराते तो यह प्रचारित किया जाता कि कांग्रेस दो फाड़ हो गई।
शिवपुरी शहर के बायपास रोड पर स्थित मोहित अग्रवाल के गोदाम पर ही कांग्रेस जिला कार्यालय खोला गया है। जिस पर आज गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया, जबकि कोठी नंबर 1 में चल रहे भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव ने तिरंगा फहराया, जिसमें पुराने भाजपाई कम और आयातित कांग्रेसी अधिक थे।
राष्ट्रीय ध्वज किसी एक पार्टी का न होकर हर भारतवासी का होता है। पिछले वर्षों में तो हर घर तिरंगा अभियान भी प्रधानमंत्री द्वारा चलाया गया था। आज सुबह से लेकर दोपहर हो गई, लेकिन कांग्रेस कार्यालय की छत पर तिरंगा नजर नहीं आया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने एबी रोड स्थित गांधी सेवाश्रम पर तिरंगा फहराया। जबकि गांधी सेवाश्रम एक ट्रस्ट है, जिस पर तहसीलदार और एसडीएम का नियंत्रण होता है।जबकि इससे पूर्व तक कांग्रेस कार्यालय पर जिलाध्यक्ष द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने की परम्परा रही है। एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता का तो यहां तक कहना है कि जिलाध्यक्ष का बैकग्राउंड कांग्रेस का नहीं है, वो तो गांधी जी की दम पर काबिज हो गए, इसलिए उन्हें कांग्रेस के बारे में अधिक जानकारी भी नहीं है। इसी तरह मोहित ने कांग्रेस का स्थापना दिवस भी कांग्रेस कार्यालय पर नहीं मनाया था।
उधर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल का कहना है कि गांधी सेवाश्रम पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की बरसों पुरानी परम्परा है। सुबह यदि एक ही समय में दोनों जगह तिरंगा फहराया जाता, तो यह कहा जाता कि कांग्रेस दो गुटों में बंट गई है। उनका कहना है कि कांग्रेस के स्थापना दिवस पर भी पार्टी हाइकमान से कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए थे, तथा उससे एक दिन पहले ही कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ रैली भी निकाली थी। मोहित का कहना है कि हमारी पार्टी में ही 3-4 लोग हैं, जो इस तरह के न्यूसेंस फैला रहे हैं, और मुझे तो भाजपा के अलावा कांग्रेस के लोगों से भी लड़ना पड़ रहा है।







