
बीती शाम तीन सड़क हादसे: तीन की मौत, तीन घायल, दो मृतक बलारी मेले से लौट रहे थे
कोलारस के लोकसेवा केंद्र में चोरी, इंदार पुलिस ने मूर्ति तोड़ने वाले को किया गिरफ्तार
शिवपुरी। बीते बुधवार की शाम शिवपुरी जिले के तीन अलग थाना क्षेत्रों में बाइक सवार सड़क हादसे का शिकार हुए। इन हादसों में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 घायल हैं। मृतकों में से 2 लोग तो बलारी मेले से लौट रहे थे। वहीं बीती रात कोलारस के लोकसेवा केंद्र में चोरी हो गई, तो उधर इंदार पुलिस ने मूर्ति तोड़ने वाले आरोपी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया।
सड़क हादसों का विवरण:
ससुर की मौत, दामाद घायल
बलारी मेले से लौटते समय बुधवार की शाम 7 बजे शिवपुरी-झांसी लिंक रोड पर मछली केंद्र के पास बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार बहादुर बाल्मीक (45) की मौत हो गई, जबकि उनका दामाद किशन वाल्मीक नि. खरईभाट, घायल हो गया।
मामा की मौत, भांजा घायल
पिछोर के ग्राम भरतपुर के पास बुधवार की शाम बाइक सवार कल्याण लोधी की गाड़ी में पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में कल्याण की मौत हो गई, जबकि उनका भांजा सत्येंद्र लोधी घायल हो गया।
सिंहनिवास के पास बोर्ड से टकराई बाइक
बुधवार की देर शाम बलारी माता के दर्शन करके लौट रहे 32 वर्षीय कल्याण पाल की बाइक ग्राम सिंहनिवास के पास सड़क किनारे लगे बोर्ड से टकरा गई। कल्याण के साथ उनका साथी आकाश शाक्य भी बाइक पर सवार था। आकाश की हालत गम्भीर होने पर उसे ग्वालियर रेफर कर दिया, जबकि कल्याण का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। गुरुवार की दोपहर 3 बजे कल्याण ने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई कैलाश पाल ने मेडिकल कॉलेज स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया।
लोकसेवा केंद्र से पंखे, यूपीएस व डोंगल चोरी
शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में स्थित लोकसेवा केंद्र में बीती रात चोरों ने ताले चटका कर उसने से दो पंखे, एक यूपीएस एवं एक डोंगल सहित 1200 रुपए नगदी पर हाथ साफ कर दिया। वैसे कार्यालय में चौकीदार नियुक्त है, लेकिन चोरी के समय वो कहां था, यह पता लगाया जा रहा है।
भाई की मौत से दुखी होकर तोड़ी थी मूर्ति
शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र के ग्राम कुटवारा में स्थित देवी मंदिर में बीते मंगलवार की रात दानवीर जाटव ने पत्थर से माता की मूर्ति तोड़ दी थी। इंदार थाना प्रभारी विवेक यादव ने फरार हुए दानवीर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी दानवीर ने बताया कि एक साल पहले मेरे भाई की मौत हो गई थी, यदि माता रानी चाहती तो उसे बचा लेती, इसलिए उसने मूर्ति तोड़ने की बात कही। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।






