
अमरीका राष्ट्रपति ट्रंप ने धमकी देकर भेजी भारत में मक्का, इसलिए किसान को नहीं मिल रहे अच्छे दाम: दिग्विजय
बोले पूर्व मुख्यमंत्री: प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर, नेता और अधिकारी बने पार्टनर, नगरीय निकायों में पैसों की लड़ाई
शिवपुरी। एक दिवसीय प्रवास पर मंगलवार को शिवपुरी आए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमारे किसानों को मक्का के दाम इसलिए अच्छे नहीं मिल रहे, क्योंकि अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मोदी को धमका कर अपने देश की मक्का हमारे देश में भेज दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है, तथा नेता और अधिकारियों की हर काम में पार्टनरशिप है। विधायक निधि की राशि से भी तभी काम स्वीकृत होते हैं, जब कमीशन तय हो जाता है।
पूर्व सीएम सिंह ने कहा कि बिहार चुनाव में भाजपा सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करके आधार कार्ड को वोट डालने में उपयोग होने वाले आवश्यक दस्तावेज में शामिल नहीं किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को जिंदा रखना जरूरी है, और यह तभी होगा, जब परिवर्तन होगा। कांग्रेस की लड़ाई संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए है। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में जितनी राशि किसानों से वसूली जा रही है, उतना मुआवजा भी नहीं दिया जा रहा। सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में पैसों की लड़ाई चल रही है, और जो लोग संरक्षण दे रहे हैं, वो उसमें हिस्सेदार हैं।
पूर्व सीएम सिंह ने कहा कि आदिवासियों की स्थिति बहुत खराब है, तथा कुपोषण से बच्चों की मौत हो रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत बहुत दयनीय है, तथा भाजपा के लोग पुलिस के संरक्षण में आदिवासियों की जमीन कब्जा रहे हैं, हमारे पास ऐसी कई शिकायतें आई हैं, जिसमें आदिवासियों के हक की 100-150 बीघा जमीनों को भाजपा के लोगों ने कब्जा कर लिया।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि वोटर लिस्ट सही बनाई जाएं, यह जिम्मेदारी हम सभी की है, क्योंकि भाजपा वोट चोरी कर रही है। बिहार में बाहरी घुसपैठिए आने की बात भाजपा के लोग करते रहे, लेकिन अब वो खुद ही नहीं बता पा रहे कि वो कहा गए।








1 thought on “अमरीका राष्ट्रपति ट्रंप ने धमकी देकर भेजी भारत में मक्का, इसलिए किसान को नहीं मिल रहे अच्छे दाम: दिग्विजय”