
आदिवासी प्रसूता के साथ गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत, 3 घंटे अस्पताल में नहीं मिला इलाज
पोहरी में कलयुगी पिता ने अपनी नाबालिग बेटी से किया दुष्कर्म, करेरा नगरपरिषद के सामने पार्षद ने फेंका गोबर
शिवपुरी। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं में एक प्रसूता और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत के अलावा एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। पोहरी में जहाँ एक कलयुगी पिता ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म के दिया, तो वहीं करेरा में नगर परिषद कार्यालय के सामने महिला पार्षद ने गोबर से भरी ट्रॉली पलटवा दी।
जिले के सुरवाया निवासी 20 वर्षीय लली पत्नी आकाश आदिवासी को शुक्रवार की शाम को जब प्रसव पीड़ा हुई, तो उनके परिजन उसे लेकर सुरवाया शासकीय अस्पताल में शाम 5 बजे लेकर गए। वहाँ पर आशा कार्यकर्ता थी, जिसने लली को जिला अस्पताल के लिए 108 से रात 8 बजे रवाना किया, जहाँ पहुंचने से पहले महिला और इसके गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई।
कलयुगी पिता ने 4 बार बनाया शिकार
पोहरी में रहने वाली एक 13 वर्षीय बालिका के साथ उसके ही पिता ने शुक्रवार की रात दुष्कर्म कर दिया। बताते हैं कि पिता जयपुर में काम करता है और जब वो अपने घर आया तो रात 9 बजे अपनी नाबालिग बेटी को उस समय कमरे ले जाने लगा, जब वो अपनी दादी के साथ सो रही थी। जब तक उसकी दादी ने परिवार के लोगों को इकठ्ठा किया, तब तक वहशी पिता दुष्कर्म करके भाग चुका था। लड़की ने बताया कि उसके पिता ने 4 बार उसके साथ गलत काम किया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
पार्षद का अनोखा विरोध:
करेरा नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 15 की महिला पार्षद खुशबू यादव ने अपने वार्ड में काम न हो e तथा स्वच्छता के काम लंबित होने की वजह से नाराजगी के चलते शुक्रवार की देर शाम नगर परिषद कार्यालय के सामने गोबर से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली खाली करवा दी। पार्षद का कहना है जब इसी नगर परिषद की वजह से नगर कचराघर बन गया, तो फिर इस कार्यालय पर गंदगी करना क्या गलत है।
हैंडपंप सुधारते समय लगा करंट, हुई मौत
जिले कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम सुनाज में शुक्रवार की शाम एक खराब हैंडपंप को सुधारने का काम चल रहा था। इसी बीच 25 वर्षीय विनोद आदिवासी जब हेडपंप का पाइप पकड़े हुए था, वो ऊपर से निकली 11 केवी लाइन से टकरा जाने से उसकी करंट लगने से मौत हो गई।

मृत हुई प्रसूता के परिजन





