
आधुनिक पर्यटन नगरी की झांकी तो अच्छी बनाई, धरातल पर उतरे तो बने बात
मेडिकल कॉलेज के पास लगेगी 100 फीट ऊंची शिव प्रतिमा, नए माधव चौक पर भी प्रतिमा बदलने की तैयारी
शिवपुरी। गणतंत्र दिवस पर निकाली गईं झांकियों में नगरपालिका ने भी एक झांकी बनाई। जिसमें क्षेत्रीय सांसद की आधुनिक पर्यटन नगरी को बहुत ही आकर्षक ढंग से झांकी में दिखाया गया है। अब ऐसा शिवपुरी शहर झांकी से निकलकर
धरातल पर उतर आए, तब इसे सार्थक माना जाएगा। क्योंकि पिछले कई वर्षों से इस शहर को कभी देहरादून तो कभी पेरिस बनाने के दावे किए जा रहे हैं।
शिवपुरी की नगरपालिका भले ही भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हो, लेकिन वो झांकी बहुत अच्छी बना लेती है। गणतंत्र दिवस के लिए बनाई गई झांकी में शिवपुरी शहर का विजन दर्शाया गया है। जिसमें गुना और ग्वालियर की ओर थीम रोड पर दो बड़े गेट बनाए जाएंगे, जैसे ग्वालियर में बनाए गए हैं। थीम रोड पर गुना की तरफ से ग्वालियर की ओर बढ़ने पर गुना बायपास के पास किसी महापुरुष की प्रतिमा लगाई जाएगी। इसके अलावा माधव चौक को नए स्वरूप में बनाकर उसमें लगी हाफ प्रतिमा की जगह घोड़े पर सवार किसी महापुरुष को बैठाया जाएगा। बस स्टेंड के पीछे की सुखी तलैया को मनियर तालाब बनाकर दिखाया गया है, इसका मतलब पुराने मनियर तालाब का अस्तित्व आधुनिक पर्यटन नगरी में खत्म करने की तैयारी भी नगरपालिका ने कर ली है। क्योंकि मनियर तालाब पर लगातार कब्जे बढ़ते जा रहे हैं, तथा नपा के जिम्मेदार तलैया को तालाब बनाने की कसरत में लगे हुए हैं, क्योंकि उसमें 5 करोड़ रुपए का बंदरबांट किया गया है।
नए माधव चौक से आगे ग्वालियर बायपास का चौराहा बनाया जाकर प्रधानमंत्री आवास के।सामने की तरफ यानि नेशनल पार्क की सीमा के।पास 100 फीट ऊंची आदमकद शिव प्रतिमा लगाई जाएगी। उसके आगे थीम रोड पर ही एक और बड़ा गेट बनाया जाएगी, जिसमें तीन द्वार होंगे। झांकी में तो आधुनिक पर्यटन नगरी और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के विजन को खूबसूरत बनाया गया है, अब यह धरातल पर उतर आए, तो फिर भरोसा हो पाएगा, क्योंकि इस शहर पर प्रकटीकल तो बहुत किए गए, लेकिन धरातल पर कोई सुधार होने की बजाए और भी अधिक बिगड़ता चला गया। जिसमें शहर के धनाढ्यों की महल कॉलोनी की बदहाल सड़कों को देखकर ही अंदाज लगाया जा सकता है कि शहर की कॉलोनियों में रहने वाले लोग किस कदर परेशानी झेलकर चोटिल हो रहे हैं।








