
परिजन सोते रहे, दो घरों के ताले चटकाकर डेढ़ करोड़ की चोरी, सोना-चांदी व 20 लाख नगद
नशे की कार्यवाही के दौरान 12 बैग गायब होने पर 7 पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही, दो हुए रिटायर
शिवपुरी। जिले के कोलारस विधानसभा अंतर्गत इंदार गांव में बीती रात दो घरों को चोरों ने निशाना बनाकर डेढ़ करोड़ के जेवर व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। जबकि परिजन घर में ही सोते रहे। वहीं ग्वालियर हाईकोर्ट की युगल पीठ ने NDPS एक्ट के मामले में 7 पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही की है, जिसमें से दो तो रिटायर हो गए।
जिले के इंदार गांव में रहने वाले आशीष रघुवंशी के परिजन रात 12 बजे जब सो रहे थे, तभी चोर छत के रास्ते से घर में आए, और तीन बक्सों के ताले तोड़कर उसमें रखा सोने की 17 अंगूठी, 3 हार, 4 चैन, पुरानी सोने की मोहरें, 2 किलो चांदी एवं 20 लाख रुपए नगद चुरा ले गए। नगद 15 लाख रुपए मक्का बेचकर आए थे, जबकि 5 लाख पहले से रखे थे। इसी क्रम में रामवीर रघुवंशी के घर से चोर 12 तोला सोने के जेवर, 500 ग्राम चांदी व 5 हजार रुपए चुरा ले गए। चोर 1 किलो सोना व ढाई किलो चांदी सहित 20 लाख रुपए समेट ले गए। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
नशे के 12 बैग गायब होने पर 7 पुलिसकर्मी दंडित
जिले के कोलारस थाने में वर्ष 2023 में पुलिस ने नशे की बड़ी खेप पकड़ी थी। उस समय टीआई मनीष कुमार शर्मा हुआ करते थे। नशे की इस कार्यवाही की विवेचना 5 जून 2023 से 30 नवंबर 2023 तक चली। कार्यवाही के दौरान जब्त सैंपल के 12 बैग गायब कर दिए गए। इस दौरान टीआई मनीष का ट्रांसफर होने के बाद जितेंद्र मावई थाना प्रभारी बने, जबकि 5 उप निरीक्षक अंकित उपाध्याय, हरिशंकर शर्मा (कोतवाली) एसएस जादौन (सेवानिवृत्त गुना), चंद्रभान सिंह भदौरिया ( सेवानिवृत्त शिवपुरी) एवं राघवेंद्र यादव (गोवर्धन थाना), भी मौजूद रहे। टीआई मनीष शर्मा बालाघाट में पदस्थ हैं। हाईकोर्ट ग्वालियर की युगलपीठ ने उक्त सभी की विभागीय जांच एवं जांच पूरी न होने तक किसी थाने में पदस्थ न किये जाने का आदेश बीते 6 फरवरी को दिया है। जिसके चलते देहात थाना प्रभारी जितेंद्र मावई, राघवेंद्र यादव एवं हरिशंकर शर्मा को लाइन अटैच कर दिया।
शादी में दी फाइनेंस कराई बाइक, कंपनी वाले छीन ले गए
शिवपुरी कलेक्ट्रेट के पास आज शाम एक गाड़ी में सवार होकर आए लोग युवक गगन रघुवंशी को उठाकर ले गए। इस बीच बताया कि इंदार में डेढ़ करोड़ की चोरी के मामले में पुलिस उठा ले गई। गगन की तलाश में बाइक से निकले खतौरा निवासी जीतू गोलिया व सोनू गोलिया को भी तीन युवकों ने रोककर उनकी बाइक छीन ली। बाद में पता चला कि डेढ़ साल पहले सोनू को शादी में ससुरालियों ने जो बाइक दी थी, वो फाइनेंस करवाई थी। किश्त जमा न करने पर कंपनी वाले बाइक छीनकर ले गए। बताते हैं कि सोनू व गगन जिला न्यायालय में चोरी के एक मामले में तारीख पर आए थे, इसी बीच यह घटना घटित हो गई।






