
125 बीघा सरकारी जमीन को कराया कब्जा मुक्त, 18 कब्जेधारियों की लहलहा रही थी फसल
एसपी बंगले पर तैनात एएसआई की सीने में दर्द के बाद मौत, होटल वाले ने जली रोटी की शिकायत पर पीटा
शिवपुरी। जिले की खनियाधाना तहसील के ग्राम हिम्मतपुर में मंगलवार को पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने 125 बीघा शासकीय जमीन को कब्जामुक्त करवाया। उधर आज सुबह एसपी बंगले पर तैनात एएसआई की सीने में दर्द के बाद मौत हो गई।
खनियाधाना तहसील के ग्राम हिम्मतपुर में शासन की 3.75 करोड़ रुपए कीमत की सरकारी भूमि पर 18 प्रभावशाली लोगों ने कब्जा करके खेती कर ली थी। जिसे नष्ट करने के लिए 4 जेसीबी के साथ पहुंचे अमले ने पूरी फसल को तहस नहस कर दिया।
सीने में उठा दर्द, एएसआई की मौत
शिवपुरी पुलिस अधीक्षक के बंगले पर तैनात 58 वर्षीय कल्याण रजक के सीने में एकाएक दर्द उठने पर तबियत बिगड़ी। आनान- फानन में रजक को जिला अस्पताल में ले गए, लेकिन कुछ देर बाद दरोगा की धड़कनें थम गई। चूंकि शिवपुरी में जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज होने के बावजूद यहां पर कार्डियोलॉजिस्ट न होने की वजह से दिल के मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। एएसआई रजक की मौत का कारण हृदयाघात माना जा रहा है, लेकिन उनके शव का पीएम करवाया गया।
होटल वाले ने ग्राहक को पीटा
शिवपुरी-पोहरी रोड पर सिरसौद थाना क्षेत्र में स्थित गिर्राज होटल पर बीते 2 मार्च की रात को 8 बजे महेश परिहार निवासी चक्क बिज़रावन खाना खाने के लिए रुका। खाना खाने के दौरान जब महेश को जली रोटी दी गई, तो उसने अच्छी रोटी देने की बात कही। इसी बात पर होटल संचालक व उसके कर्मचारियों ने जमकर मारपीट कर दी। पुलिस में शिकायत की गई है।






