करेरा विधायक जता चुके हैं आपत्ति, नियमों को ताक पर रख जिलाध्यक्ष थोपने का आरोप
शिवपुरी। शिवपुरी में भाजपा के बनाए गए नवागत पार्टी जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव का पहला कार्यक्रम फिजिकल स्थित कोठी नंबर 1 (कब्जे का पार्टी कार्यालय) में मंगलवार को हुआ। इसमें जिले में भाजपा के 4 में से एकमात्र विधायक मौजूद रहे, जबकि 3 महामंत्री में से 2 नदारद रहे। करेरा विधायक तो पहले ही जिलाध्यक्ष के चयन में नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ नेताओं से शिकायत भी कर चुके हैं।
आज दोपहर कोठी नंबर 1 में आयोजित नवागत भाजपा जिलाध्यक्ष के कार्यक्रम में केवल कोलारस विधायक महेंद्र यादव ही नजर आए, जबकि शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, पिछोर विधायक प्रीतम लोधी व करेरा विधायक रमेश खटीक इसमें शामिल नहीं हुए। पार्टी के 3 जिला महामंत्री में से केवल गगन खटीक शामिल रहे, जबकि सोनू बिरथरे एवं पृथ्वीराज जादौन नजर नहीं आए। चूंकि सोनू और गगन सहित अन्य युवा भाजपा नेता जिलाध्यक्ष की दौड़ में शामिल रहे, इसलिए शायद उन्होंने अभी से नवागत के कार्यक्रम से दूरी बना ली।
जिलाध्यक्ष के इस पहले कार्यक्रम में पूर्व विधायक माखनलाल राठौर, प्रहलाद भारती, हरीबल्लाभ शुक्ला सहित सिंधियानिष्ठ कार्यकर्ताओं के अलावा करेरा के लोग ही मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष राजू बाथम ने सभी पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपने कार्यकाल के दौरान हुई गलतियों के लिए माफी मांगी। वहीं नवागत जिलाध्यक्ष ने पूरे निष्ठा और ईमानदारी से पार्टी के।लिए काम करने की बात दोहराई।
एक ने थोपा नगर का प्रथम नागरिक, दूसरे ने थोपा पार्टी का मुखिया
शिवपुरी में महल का बर्चस्व कुछ ऐसा रहा कि नगर का प्रथम नागरिक भी शहर की जनता पर महल।की प्रतिनिधि ने थोप दिया, और शहर सहित राजनीति से लगभग विदा ले लिया। अबकी बार जनता को छोड़कर पार्टी कार्यकर्ताओं के ऊपर जिलाध्यक्ष थोप दिया।गया। स्थिति यह है कि कोई किसी से कुछ कह भी नहीं पा रहा।







